भोपाल , सितंबर 13 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने गणेश चतुर्थी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, समृद्धि एवं मंगल की कामना की है।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि गणेश चतुर्थी सामाजिक एकता, सौहार्द्र और लोक संस्कृति के संवर्धन का पर्व है। यह विघ्नहर्ता, मंगलकर्ता तथा बुद्धि, विवेक, समृद्धि और सौभाग्य के अधिष्ठाता भगवान श्री गणेश की पूजा-अर्चना एवं आराधना का उत्सव है। भगवान श्री गणेश की आराधना से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा, सद्बुद्धि और नई आशा का संचार होता है।
उन्होंने कहा कि गणेशोत्सव हमारी समृद्ध सांस्कृतिक परंपराओं को सहेजने और समाज में आपसी भाईचारे एवं सद्भाव को मजबूत करने का अवसर भी है। सार्वजनिक रूप से गणेश उत्सव के आयोजन से समाज के सभी वर्ग एक साथ आते हैं और सामूहिक सहभागिता की भावना मजबूत होती है। यह पर्व सेवा, सद्भाव, संस्कार और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी गणेश चतुर्थी के अवसर पर 14 सितंबर को भगवान श्री गणेश की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री शिवप्रकाश, प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल सहित पार्टी के प्रदेश पदाधिकारी दोपहर 3.30 बजे विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर प्रतिमा स्थापित करेंगे।
श्री खण्डेलवाल ने प्रदेशवासियों से गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा, उल्लास और सौहार्द्र के साथ मनाने का आह्वान करते हुए भगवान श्री गणेश से प्रदेश एवं प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की प्रार्थना की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित