देहरादून, अप्रैल 04 -- उत्तराखंड कांग्रेस पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने जनपद पौड़ी के विकासखंड पोखड़ा के कोलागाड क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम तिमली के भतकोट गांव में गुलदार द्वारा एक मासूम बच्चे को निवाला बनाए जाने की अत्यंत दुखद एवं हृदय विदारक बताया है।

इस घटना के बाद गोदियाल ने कांग्रेस कार्यकर्ताओ के साथ पीडित परिवार से उनके गांव जाकर मुलाकात कर परिजनों का हाल-चाल जाना।

उन्होंने शनिवार को कहा कि पार्टी द्वारा लगातार सरकार एवं वन विभाग को पहाड़ी क्षेत्रों में बढ़ते वन्यजीवों द्वारा लोगों के उपर हो रहे हमलों को लेकर चेताया जाता रहा है, किन्तु सरकार के कानों पर जूं तक नहीं रेंग रही है।

जिसके परिणाम स्वरूप इस प्रकार की घटनाएं निरंतर बढ़ती जा रही हैं, जिससे आम जनता के जीवन की सुरक्षा, कृशि व बागवानी पर भी गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं के कारण कई निर्दोश लोगों की जान जा चुकी है और कई परिवारों को अपूरणीय क्षति का सामना करना पड़ा है।

इसके बावजूद राज्य सरकार और वन विभाग द्वारा अब तक कोई ठोस एवं प्रभावी कदम नही उठाये गये हैं, जो अत्यन्त दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि वन विभाग और सरकार इस गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह संवेदनहीन बनी हुई है जबकि पहाड़ों में रहने वाले लोगों का जीवन संकट में है, कांग्रेस पार्टी लम्बे समय से इस विषय को उठाती आ रही हैं।

उन्होंने कहा कि सरकार की लापरवाही के चलते पहाड़ों में भय का माहौल बना हुआ है, परंतु इसके बावजूद सरकार द्वारा कोई भी ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित