पटना , जुलाई 15 -- प्रसिद्ध गणितज्ञ और कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र में जनसुराज के प्रत्याशी रहे के.सी सिन्हा सहित जनसुराज के कई प्रमुख नेता बुधवार को दलबदल कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए।भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने पार्टी कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन मे जनसुराज छोड़कर आये श्री सिन्हा समेत कई प्रमुख नेताओं को पार्टी की सदस्यता दिलाई। भाजपा की सदस्यता लेने वालों में जनसुराज के दीघा विधानसभा में प्रत्याशी रीतेश रंजन सिंह उर्फ बिट्टू सिंह, मनेर विधानसभा में प्रत्याशी रहे गोपाल सिंह, पटना में मेयर प्रत्याशी रही विनीता बिट्टू सिंह, ब्रजकिशोर सिंह, ब्रम्हदेव मांझी, ब्रजकिशोर सिंह, राजू यादव, पूनम सिंह सहित कई जनसुराज के नेता शामिल हैं।

इस अवसर पर श्री सिन्हा ने कहा कि वर्तमान में दुनिया युद्ध संकट से जूझ रही है और परमाणु युद्ध की आशंका से इंकार नही किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक ग्लोबल नेता के रूप में विश्व पटल पर उभरे हैं और ऐसे माहौल में देश और दुनिया की सुरक्षा के उद्देश्य से वह श्री मोदी के हाथ मजबूत करना चाहते हैं।उन्होंने कहा कि उनके लिए राष्ट्र हित सर्वोपरि है और भाजपा उंस दिशा में लगातार काम कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित