रांची , जनवरी 25 -- झारखंड में गणतंत्र दिवस के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय ने राज्य के दो आईपीएस अधिकारियों सहित कुल 11 पुलिस अधिकारी एवं कर्मियों को उनकी उत्कृष्ट और सराहनीय सेवाओं के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया है।
इस संबंध में गृह विभाग की ओर से अधिसूचना जारी कर दी गई है। इस सूची में एक अधिकारी को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक, जबकि अन्य 10 अधिकारियों और कर्मियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक प्रदान किया गया है। विशिष्ट सेवा के लिए डीएसपी संजय कुमार को राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा गया है। उनके कार्यकाल के दौरान कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में बेहतर नेतृत्व और अनुकरणीय कार्यों के लिए यह सम्मान प्रदान किया गया है।
वहीं सराहनीय सेवा के लिए जिन अधिकारियों और कर्मियों को पुलिस पदक दिया गया है, उनमें आईपीएस अधिकारी अनूप बिरथरे और पटेल मयूर कन्हैयालाल शामिल हैं। इनके अलावा हेड कांस्टेबल कृष्णा क्षेत्री, अरुण ओझा, मार्कस संवार तथा कांस्टेबल जयदेव प्रधान, जेनेट मार्गरेट लकड़ा, कुमुदनी कुजूर, सुफल ओरिया और वसीम अख्तर को भी यह सम्मान प्रदान किया गया है।
सम्मानित पुलिसकर्मियों ने विभिन्न जिलों में तैनाती के दौरान अपराध नियंत्रण, उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में बेहतर कार्य, जनसुरक्षा और सेवा भावना के साथ कर्तव्यों का निर्वहन किया है। इस उपलब्धि पर पुलिस मुख्यालय, प्रशासनिक अधिकारियों और आमजन की ओर से उन्हें बधाइयाँ दी जा रही हैं। इसे झारखंड पुलिस की पेशेवर प्रतिबद्धता और समर्पण का प्रतीक माना जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित