आगरा , जनवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में गणतंत्र दिवस के अवसर पर ताजमहल परिसर में तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाए जाने का मामला सामने आया है। इस घटना से जुड़े वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। तिरंगा फहराने और राष्ट्रगान गाने की जिम्मेदारी अखिल भारत हिंदू महासभा ने ली है।
सोमवार को गणतंत्र दिवस के दिन वायरल हुए वीडियो में कुछ कार्यकर्ता ताजमहल परिसर में तिरंगा लेकर पहुंचे और उसे फहराते नजर आए। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता ताजमहल में तिरंगा लेकर पहुंचे और इस दौरान वीडियो भी बनाए, जो बाद में सोशल मीडिया पर साझा किए गए।
कार्यकर्ताओं का दावा है कि ताजमहल एक मंदिर है, जिसका नाम 'तेजोमहालय' है, इसी आधार पर उन्होंने तिरंगा फहराया। हालांकि यह दावा विवादित है और आधिकारिक तौर पर इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के जवान जांच में जुट गए हैं। यह पता लगाया जा रहा है कि सुरक्षा व्यवस्था में चूक कैसे हुई और संबंधित नियमों का उल्लंघन तो नहीं हुआ।
उल्लेखनीय है कि इससे पहले 17 जनवरी को शाहजहां के उर्स के अंतिम दिन भी अखिल भारत हिंदू महासभा के कार्यकर्ताओं ने ताजमहल में चादर चढ़ाने का विरोध किया था। उस दौरान कार्यकर्ता भगवा ध्वज फहराने के लिए ताजमहल की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक लिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित