नयी दिल्ली , जनवरी 27 -- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आरोप लगाया है कि मोदी सरकार जानबूझकर विपक्ष को अपमानित करने का काम करती है और इसी का परिणाम है कि गणतंत्र दिवस परेड के दौरान संसद के दोनों सदनों, लोकसभा तथा राज्यसभा में विपक्ष को नेताओं को तीसरी पंक्ति में बिठाया गया है।

श्री खरगे ने कांग्रेस के सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में मंगलवार को लिखा कि सरकार ने संविधान, कांग्रेस, विपक्ष और उनका अपमान किया है। ऐसा क्यों किया गया इस बात का सरकार से उन्हें जवाब चाहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि संविधान का अपमान करने वाले लोग, विपक्ष के नेताओं को गणतंत्र दिवस समारोह के दौरान तीसरी पंक्ति में बैठाते हैं। ये सरासर गलत है, जानबूझकर विपक्ष और कांग्रेस का अपमान किया जा रहा है।

श्री खरगे ने कहा "मैं सीनियर मोस्ट लीडर हूं। मेरे और राहुल गांधी जी के पास कैबिनेट रैंक है लेकिन हमें गणतंत्र दिवस समारोह में तीसरी लाइन में बैठा दिया गया, जहां स्टेट मिनिस्टर और बच्चे बैठे थे।इतना ही नहीं, हमने अपने सचिवों को भेजकर जगह तलाश की और उनके जरिए पास का इंतजाम किया।"श्री गांधी पर राष्ट्रपति भवन के एक कार्यक्रम संबंधी विवाद पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति भवन में स्वागत के दौरान श्री गांधी ने पारंपरिक उत्तर-पूर्वी पटका पहन लिया था, वहीं जब हम खाने के लिए बैठे तो उन्होंने पटका मोड़कर रख लिया। असलियत में भाजपा ये सिर्फ चुनाव के लिए कर रही है। भाजपा की हमेशा किसी न किसी बहाने से कांग्रेस और श्री गांधी को बदनाम करने की कोशिश रहती है। उसके सारे आरोप गलत हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित