रांची , अगस्त 30 -- झारखंड के पलामू सांसद विष्णुदयाल राम ने गढ़वा टाउन से रांची के बीच नई मेमू ट्रेन सेवा शुरू करने की मांग की है।

श्री राम ने इस संबंध में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर पलामू संसदीय क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार से जुड़ी कई मांगें रखीं।

सांसद ने कहा कि वर्तमान में गढ़वा टाउन क्षेत्र से रांची के लिए सीधी पैसेंजर ट्रेन सेवा उपलब्ध नहीं है। मेमू ट्रेन शुरू होने से छात्रों, कर्मचारियों, व्यापारियों, मरीजों और दैनिक यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी। साथ ही पलामू संसदीय क्षेत्र की रांची से कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।

मुलाकात के दौरान सांसद ने गया-शेरघाटी-इमामगंज-कजरी (डालटनगंज) नई रेल लाइन को मंजूरी देने और इसके लिए बजट जारी करने पर रेल मंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस रेल लाइन की मांग लंबे समय से की जा रही थी। रेल लाइन बनने से बड़े इलाके में आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

सांसद ने कहा कि रेल लाइन से जुड़ने वाला क्षेत्र लंबे समय से विकास की मुख्यधारा से अपेक्षाकृत दूर रहा है और अतीत में नक्सली हिंसा से भी प्रभावित रहा है। रेल संपर्क बढ़ने से यहां विकास, रोजगार और व्यापार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।

सांसद श्री राम ने पलामू में रेलवे का उत्पादन केंद्र अथवा मेगा वैगन मेंटेनेंस यूनिट स्थापित करने की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी। इसके लिए गढ़वा रोड और जपला रेलवे स्टेशन के आसपास के क्षेत्र को उपयुक्त स्थान के रूप में विकसित करने का आग्रह किया गया।

इसके अलावा संतरागाछी-खातीपुरा एक्सप्रेस को पलामू के रास्ते चलाने तथा अंबिकापुर-रामानुजगंज-गढ़वा रेल लाइन के प्रस्ताव में बरगढ़ और भंडारिया क्षेत्र को शामिल करने की मांग भी की गई।

सांसद ने कहा कि बेहतर रेल कनेक्टिविटी केवल आवागमन की सुविधा नहीं है, बल्कि यह किसी भी क्षेत्र के विकास, रोजगार, व्यापार और आर्थिक समृद्धि की मजबूत आधारशिला होती है। गढ़वा टाउन-रांची मेमू ट्रेन शुरू होने से पलामू संसदीय क्षेत्र के लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित