चमोली , अक्टूबर, 30 -- उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल में मौसम ने करवट लेते हुए एक बार फिर प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है। शुक्रवार को चमोली से लेकर देहरादून और उत्तरकाशी से हरिद्वार तक सात जिलों के कुछ हिस्सों में बारिश, आंधी-तूफान और बिजली चमकने की आशंका को देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। खासकर पर्वतीय क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, गुरुवार रात से आज रात 12:25 बजे तक चमोली, देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी गढ़वाल, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल और उत्तरकाशी के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है।

मौसम की चेतावनी के दायरे में मसूरी, चकराता, पुरोला, बड़कोट, ऋषिकेश, देवप्रयाग, श्रीनगर, तुंगनाथ, सोनप्रयाग, केदारनाथ, बदरीनाथ और गोविंदघाट समेत आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। ऐसे में चारधाम यात्रा मार्गों और ऊंचाई वाले इलाकों में आवाजाही करने वाले यात्रियों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।

अचानक मौसम बदलने से पर्वतीय मार्गों पर आवाजाही प्रभावित होने की आशंका है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित