गढ़चिरौली , जून 1 -- महाराष्ट्र के गढ़चिरौली जिले में समलैंगिक संबंधों के कारण एक शख्स ने अपने दोस्त की जान ले ली। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।
यह घटना हालेवारा पुलिस स्टेशन के अधिकार क्षेत्र के एटापल्ली तालुका में देवदा गांव के पास हुई।
मृतक की पहचान अहेरी तालुका के नागेपल्ली गांव के निवासी सतीशकुमार जगदीशप्रकाश निसद (32) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी सूरज हलदार (30) ओडिशा के नबरंगपुर जिले के मीरगान गांव का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, गैराज का व्यवसाय चलाने वाला निसद कुछ महीने पहले इंस्टाग्राम के माध्यम से हलदार के संपर्क में आया था।
उनकी दोस्ती कथित तौर पर एक प्रगाढ़ संबंध में बदल गयी। इस दौरान, हलदार ने कथित तौर पर निसद के सामने शादी का प्रस्ताव रखा था, लेकिन निसाद ने इसे अस्वीकार कर दिया क्योंकि वह पहले से ही शादीशुदा था।
पुलिस ने बताया कि हलदार घटना से दो दिन पहले निसद से मिलने ओडिशा से आया था और इस यात्रा के दौरान उसे कथित तौर पर निसद के विवाहित होने की बात पता चली थी।
रविवार सुबह, निसद कथित तौर पर हलदार को छोड़ने के लिये छत्तीसगढ़ सीमा मार्ग से ओडिशा की ओर गाड़ी चलाकर ले जा रहे थे, तभी देवदा गांव के पास इस मुद्दे पर बहस शुरू हो गयी।
कहासुनी के दौरान गुस्साये हलदार ने कथित तौर पर निसद पर चाकू से हमला कर दिया और उनका गला रेत दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी।
घटना के बाद, स्थानीय निवासी आरोपी को उस समय पकड़ने में सफल रहे जब वह कथित तौर पर भागने का प्रयास कर रहा था और उन्होंने उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की और शव को आगे की प्रक्रियाओं के लिये भेज दिया।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है और एटापल्ली ग्रामीण अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित