गढ़चिरोली , अगस्त 13 -- महाराष्ट्र में गढ़चिरोली जिले के एक सरकारी सहायता प्राप्त आवासीय आश्रम विद्यालय में सर्पदंश की घटना में तीन आदिवासी छात्राओं की मौत के सिलसिले में पुलिस ने प्रधानाध्यापक और छात्रावास अधीक्षक को गिरफ्तार किया है।
एक पूर्व सांसद और एक जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित पांच लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या और अन्य अपराधों के तहत मामला दर्ज किया गया है।यह कार्रवाई 10 अगस्त की मध्य रात्रि धानोरा तालुका के जप तलाई आश्रम विद्यालय में एक विषैले सांप के काटने से तीन छात्राओं की मौत और तीन अन्य के अस्पताल में भर्ती होने के बाद हुई है।
पुलिस ने प्रधानाध्यापक प्रशांत तातापल्लीवार और छात्रावास अधीक्षक भास्कर भोयर को गिरफ्तार किया है। संस्था के अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद मारोतराव कोवासे, जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वजीत कोवासे, संस्था सचिव और महिला छात्रावास अधीक्षिका भाग्यश्री चिल्लमवार के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।
यह मामला सहायक परियोजना अधिकारी डॉ. प्रभु सदमवार की शिकायत और चार सदस्यीय जांच समिति के निष्कर्षों के आधार पर दर्ज किया गया है।
प्रारंभिक जांच में छात्रावास में सुरक्षा मानकों और देखरेख में प्रशासनिक लापरवाही की बात सामने आयी है।
पुलिस के अनुसार, रात लगभग दो-ढाई बजे के बीच जब छह लड़कियां अपने छात्रावास के कमरे में सो रही थीं, तब एक विषैले सांप ने उन्हें काट लिया। हालत बिगड़ने पर तत्काल उन्हें अस्पताल ले जाया गया। इलाज के बावजूद कक्षा छह की छात्रा दीपिका लाकड़ा, कक्षा आठ की सुष्मिता मंडल और कक्षा दो की अनु कोरेटी ने दम तोड़ दिया। तीन अन्य छात्राओं- दीपिका मदावी, कविता किरिंगा और समृद्धि नैताम का इलाज गढ़चिरोली जिला अस्पताल में चल रहा है। समृद्धि की हालत गंभीर बतायी जा रही है। इस घटना से आवासीय आश्रम विद्यालयों में सुरक्षा इंतजामों और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गये हैं। अभिभावक और स्थानीय निवासी जवाबदेही तय करने और सांपों के प्रवेश को रोकने के लिए बेहतर उपाय करने की मांग कर रहे हैं।
आदिवासी विकास मंत्री डॉ. अशोक उइके ने 12 अगस्त को आश्रम विद्यालय का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने विद्यार्थियों, कर्मचारियों और अधिकारियों से बात की और आश्वासन दिया कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि दोषी अधिकारियों के निलंबन सहित विभागीय कार्रवाई की जायेगी।
पुलिस ने कहा कि लापरवाही का पता लगाने और प्रत्येक आरोपी की जवाबदेही तय करने के लिए जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित