गढ़चिरोली , जून 06 -- महाराष्ट्र के गढ़चिरोली में प्रस्तावित हवाईअड्डे के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया को बड़े पैमाने पर किसानों के विरोध प्रदर्शन के बाद अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है।

जिले के सह-पालक मंत्री आशीष जायसवाल ने आंदोलनकारी किसानों को लिखित आश्वासन दिया है कि गढ़चिरोली हवाईअड्डा परियोजना पर अंतिम निर्णय मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के साथ विस्तृत चर्चा के बाद ही लिया जाएगा। विरोध स्थल के अपने दौरे के दौरान श्री जायसवाल ने किसानों को आश्वस्त किया कि विकास परियोजनाएं महत्वपूर्ण हैं, लेकिन इसके साथ ही जनता की भावनाओं और स्थानीय निवासियों के हितों का पूरा सम्मान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार विकास और जनहित के बीच संतुलन बनाए रखने का हरसंभव प्रयास करेगी।

आंदोलन में शामिल किसानों ने बताया कि मंत्री ने उन्हें प्रस्तावित भूमि अधिग्रहण पर अपनी आपत्तियां दर्ज कराने के लिए 90 दिनों से अधिक का समय देने का भी भरोसा दिया है। इसके साथ ही कुछ प्रदर्शनकारियों ने यह मांग भी रखी कि इस अवधि के दौरान सरकारी अधिकारी उनके गांवों या कृषि क्षेत्रों का दौरा करने से परहेज करें। प्रदर्शनकारी किसानों का आरोप है कि विकास परियोजनाओं और खनन गतिविधियों के लिए गडचिरोली जिले की उपजाऊ कृषि भूमि का अधिग्रहण किया जा रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित