गरियाबंद , सितंबर 29 -- छत्तीसगढ़ में गरियाबंद जिले के छुरा वन परिक्षेत्र अंतर्गत कूड़ेरादादर गांव में एक तेंदुए की सेप्टिक टैंक के लिए खोदे गए गड्ढे में गिरने से मौत हो गई।
वन विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार कूड़ेरादादर में रविवार को एक गड्ढे से बछड़े का शव बरामद किया गया था। इसके अगले दिन सोमवार को उसी गड्ढे में तेंदुए का शव मिला। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सामने आया कि तेंदुआ बछड़े का शिकार करने के लिए गांव के नजदीक पहुंचा था। बछड़े को पकड़ने के प्रयास के दौरान दोनों के गड्ढे में गिरने की आशंका है। घटना में पहले बछड़े की मौत हो गई, जबकि बाद में उसी गड्ढे से तेंदुए का शव बरामद किया गया।
वन विभाग के अधिकारियों के मुताबिक मृत तेंदुआ काफी उम्रदराज था। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद विभाग ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत कूड़ेरादादर में ही उसका अंतिम संस्कार किया।
राजिम वन विभाग के एसडीओ मनोज चंद्राकर ने बताया कि तेंदुआ उम्रदराज था। पोस्टमार्टम के बाद नियमानुसार उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित