हरिद्वार , अगस्त, 2 -- कांवड़ मेला-2026 के दौरान हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर रविवार को एसडीआरएफ उत्तराखंड की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई ने सात संभावित हादसों को टाल दिया। गंगा में स्नान के दौरान तेज बहाव और गहरे पानी में फंसे सात श्रद्धालुओं का एसडीआरएफ की टीम ने अलग-अलग घटनाओं में सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। समय रहते की गई कार्रवाई से सभी श्रद्धालुओं की जान बच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कांगड़ा घाट पर अलग-अलग समय पर सात श्रद्धालु स्नान के दौरान गंगा के तेज बहाव की चपेट में आ गए। घाट पर तैनात एसडीआरएफ के जवानों ने स्थिति को भांपते हुए बिना विलंब नदी में उतरकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया और सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद उन्हें प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक सहायता भी उपलब्ध कराई गई।
बचाए किए गए श्रद्धालुओं में कार्तिक (22) निवासी प्रेमपुर, जनपद बरेली (उत्तर प्रदेश), राहुल (29) निवासी सेक्टर-52 चंडीगढ़, विनोद (27) निवासी बल्लभगढ़, फरीदाबाद (हरियाणा), विराज कश्यप (16) निवासी मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश), सतीश कुमार (36) निवासी जौहरीपुर, दिल्ली, करण (16) निवासी ग्राम किचाना (हरियाणा) तथा विशाल (19) निवासी ग्राम राझाना (हरियाणा) शामिल हैं।
घटना के बाद घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं ने एसडीआरएफ की तत्परता, साहस और पेशेवर कौशल की सराहना की। समय रहते चलाए गए अभियान के कारण सभी श्रद्धालु सुरक्षित रहे और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित