गड़चिरौली , मई 21 -- महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन निगम (एमएसआरटीसी) की एक बस गड़चिरौली के निकट मुरखला-नवेगांव घाट क्षेत्र में पलट गयी जिससे कम से कम तीन यात्रियों की मृत्यु हो गई तथा 33 अन्य घायल हो गये।

पुलिस के अनुसार मृतकों में सात माह का एक शिशु भी शामिल है। यह दुर्घटना गुरुवार सुबह लगभग साढ़े सात बजे हुई।

मृतकों की पहचान देसाईगंज निवासी ख्वाजा शहाबुद्दीन (58), गड़चिरौली निवासी सात माह के शिवांश स्वप्निल नवघरे तथा चंद्रपुर जिले के सिंदेवाही तहसील अंतर्गत नवरगांव निवासी लक्ष्मीबाई रामदास दुर्कीवार (55) के रूप में की गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार बस गड़चिरौली से उमरखेड़ जा रही थी। इसी दौरान घाट क्षेत्र में तीखे मोड़ पर चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस पलट गई।

दुर्घटना के तुरंत बाद स्थानीय निवासी और पुलिस कर्मी मौके पर पहुंचे तथा बचाव अभियान शुरू किया गया। घायलों को उपचार के लिए निकटवर्ती सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित