अलवर , जुलाई 08 -- दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों और सड़क की गुणवत्ता को लेकर उठ रहे सवालों के बीच केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी बुधवार को राजस्थान में अलवर जिले के राजगढ़ क्षेत्र स्थित पिनान विश्राम क्षेत्र पहुंचे और एक्सप्रेस-वे का विस्तृत निरीक्षण किया।

श्री गड़करी ने करीब एक घंटे तक रुककर भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) और अन्य विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की और हादसों के कारणों की जानकारी ली। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को लेकर वह खासे गंभीर नजर आये। सफर के दौरान ही उन्होंने एनएचएआई के आला अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक में एक्सप्रेस-वे पर वाहनों की अधिक गति पर नजर रखने, दुर्घटना संभावित क्षेत्रों की पहचान करके उन्हें ठीक करने और सुरक्षा मानकों को और कड़ा करने पर विचार किया गया।

श्री गड़करी ने स्पष्ट निर्देश दिये कि एक्सप्रेस-वे के किनारे बने सभी अवैध ढाबों को हटाया जाये और जहां कहीं भी अतिक्रमण है, उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाये। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा और गुणवत्ता के मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

केंद्रीय मंत्री गडकरी ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि सड़क पर जहां भी तकनीकी खामियां हैं, उन्हें तुरंत दूर किया जाये। उन्होंने सड़क पर बने गड्ढों की मरम्मत करने और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सड़क की स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जाये और किसी भी शिकायत को गंभीरता से लिया जाये।

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए श्री गड़करी खुद सड़क मार्ग से टेंपो ट्रैवलर में बैठकर पिनान पहुंचे। उनके साथ मंत्रालय के अधिकारी और तकनीकी दल भी मौजूद रहा। यहां उन्होंने प्रोजेक्टर के माध्यम से पूरे एक्सप्रेसवे का मार्ग देखा और दुर्घटनाओं के कारणों की विस्तृत समीक्षा की।

श्री गडकरी ने राजमार्ग पर खड़े रहने वाले ट्रकों को तत्काल हटाने और मनमाने तरीके से वाहनों की पार्किंग पर रोक लगाने के निर्देश दिये। उन्होंने गश्त बढ़ाने, पुलिस गश्त तेज करने और सड़क सुरक्षा नियमों का सख्ती से पालन कराने के भी आदेश दिये। निरीक्षण के दौरान केंद्रीय मंत्री ने सड़क सुरक्षा के लिए तैयार किये गये एक अत्याधुनिक बचाव वाहन का भी लोकार्पण किया। यह वाहन एक्सप्रेसवे पर किसी भी दुर्घटना की स्थिति में तत्काल मौके पर पहुंचेगा, राहत कार्य करेगा और यातायात को सुचारु बनाने में मदद करेगा।

इससे पहले राजस्थान में प्रवेश करने पर पिनान विश्राम क्षेत्र में उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने श्री गड्करी का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के बनने से राजस्थान में औद्योगिक और पर्यटन गतिविधियों को बड़ा बढ़ावा मिला है और यह क्षेत्र एक बड़े औद्योगिक गलियारे के रूप में विकसित हो रहा है। सुश्री दियाकुमारी ने कहा कि राज्य सरकार सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर है। एक्सप्रेस-वे पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए वाहनों की गति पर नजर रखी जा रही है, एंबुलेंस सेवाएं उपलब्ध हैं और जहां भी दुर्घटनाएं होती हैं, वहां तत्काल कार्रवाई की जाती है।

उन्होंने वाहन चालकों से सीट बेल्ट लगाकर यात्रा करने, पीछे बैठने वाले यात्रियों को भी सीट बेल्ट पहनने और थकान की स्थिति में वाहन नहीं चलाने का अनुरोध किया। दियाकुमारी ने कहा कि अधिकतर दुर्घटनाएं चालक की थकान और झपकी आने के कारण होती हैं, इसलिए सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करना सभी की जिम्मेदारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित