नयी दिल्ली , जून 16 -- सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को मेघालय में 3,214 करोड़ रुपये की लागत वाली छह राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया।
श्री गडकरी ने आज शिलांग में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इन परियोजनाओं के तहत 117 किलोमीटर से अधिक लंबाई के राजमार्गों का विकास किया जाएगा, जिससे राज्य में संपर्क सुविधा, पर्यटन, व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मेघालय में सड़क संपर्क के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन हो रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में करीब 52,400 करोड़ रुपये की लागत वाली 92 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर काम चल रहा है। इनमें लगभग 820 किलोमीटर सड़क परियोजनाएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि 310 किलोमीटर में निर्माण कार्य जारी है और 450 किलोमीटर लंबी परियोजनाएं विभिन्न चरणों में हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार राज्य में लगभग 39,800 करोड़ रुपये की नयी सड़क परियोजनाएं शुरू करने की तैयारी कर रही है। इनमें 23,000 करोड़ रुपये की लागत वाला शिलांग-सिलचर चार लेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर और 8,500 करोड़ रुपये की लागत वाला जोराबाट-बरापानी चार लेन ग्रीनफील्ड कॉरिडोर प्रमुख हैं। इन परियोजनाओं से पूर्वोत्तर क्षेत्र में तेज, सुरक्षित और सुगम यातायात के साथ रोजगार, पर्यटन और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित