नयी दिल्ली , अप्रैल 27 -- केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने कर्नाटक तथा केरल में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की गुणवत्ता और रखरखाव की प्रगति की सोमवार को समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्यान्वयन, गुणवत्ता मानकों के पालन एवं मानसून पूर्व तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
श्री गडकरी ने यहां आयोजित समीक्षा बैठक में कर्नाटक में 7,926 किलोमीटर और केरल में 61 परियोजनाओं के अंतर्गत 1,513 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों की प्रगति का आकलन किया। बैठक में केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा और अजय टम्टा के साथ भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा परियोजनाओं से जुड़े अधिकारी और ठेकेदार उपस्थित रहे।
उन्होंने कार्यों के समय पर निष्पादन, उन्नत तकनीकों के उपयोग और गुणवत्ता निगरानी प्रणाली को मजबूत करने पर जोर देते हुए कहा कि इससे सड़क अवसंरचना अधिक टिकाऊ और प्रभावी बनेगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि आधुनिक निर्माण पद्धतियों को अपनाकर सड़कों की गुणवत्ता, दीर्घायु और सुगम यातायात सुनिश्चित किया जाना चाहिए। साथ ही प्रमुख राजमार्ग गलियारों में निर्बाध संपर्कता बनाए रखने पर भी बल दिया।
उन्होंने अधिकारियों को मानसून से पहले पूरी तैयारी सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश देते हुए जल निकासी प्रबंधन, ढलान सुरक्षा उपाय और त्वरित प्रतिक्रिया तंत्र विकसित करने पर जोर दिया, ताकि सड़क सुरक्षा और यातायात की निरंतरता बनी रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित