नयी दिल्ली , जून 01 -- सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को आंध्र प्रदेश में 8,512 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्गों की गुणवत्ता और रखरखाव कार्यों की प्रगति की समीक्षा की।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार श्री गडकरी ने यह समीक्षा मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त फीडबैक के आधार पर की। बैठक में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों तथा विभिन्न परियोजनाओं से जुड़े ठेकेदारों ने भाग लिया।

श्री गडकरी ने परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करने, गुणवत्ता के कड़े मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा आधुनिक तकनीकों के उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि टिकाऊ और दक्ष राजमार्गों का निर्माण बेहतर संपर्क, आर्थिक विकास और यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए आवश्यक है।

उन्होंने अधिकारियों को मानसून के मद्देनजर व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। इसमें सड़क सुरक्षा और राजमार्गों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए निवारक उपायों के साथ-साथ प्रभावी आपात प्रतिक्रिया तंत्र विकसित करने पर विशेष बल दिया गया।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता नियंत्रण, रखरखाव व्यवस्था तथा आगामी मानसून के दौरान सड़क नेटवर्क को सुरक्षित और सुचारु बनाए रखने के उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित