चंडीगढ़ , जुलाई 30 -- भारतीय जनता पार्टी सांसद कंगना रनौत द्वारा जंतर-मंतर पर आंदोलन कर रहे युवाओं को कथित तौर पर "गटर जेनरेशन" कहे जाने के बयान पर महिला कांग्रेस की प्रदेश सचिव एवं सोशल मीडिया स्टेट कोऑर्डिनेटर ममता डोगरा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने इसे देश के करोड़ों युवाओं का अपमान बताते हुए भाजपा की युवा विरोधी सोच का परिचायक कहा।
सुश्री डोगरा ने कहा कि देश का युवा अपनी मेहनत प्रतिभा और संघर्ष के दम पर भारत का भविष्य गढ़ रहा है। ऐसे युवाओं के लिए इस तरह की भाषा का उपयोग करना दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक नेताओं को युवाओं का सम्मान करना चाहिए क्योंकि वही देश की सबसे बड़ी ताकत हैं।
उन्होंने कहा कि जब देश का युवा शिक्षा, रोजगार और बेहतर भविष्य की मांग कर रहा है, तब इस तरह के बयान देना उनकी भावनाओं का अनादर है। सुश्री डोगरा ने सांसद कंगना से देश के युवाओं से बिना शर्त माफी मांगने की मांग की, साथ ही कहा कि सार्वजनिक जीवन से जुड़े लोगों को अपने शब्दों और भाषा की मर्यादा का विशेष ध्यान रखना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित