अमरोहा , अप्रैल 12 -- गजरौला से सम्भल तक नई रेल लाइन निर्माण की वर्षों पुरानी मांग को लेकर कांग्रेस नेता श्रीराम मौर्य ने रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

श्रीराम मौर्य ने रविवार को बताया कि मुरादाबाद मंडल के अंतर्गत गजरौला एक प्रमुख औद्योगिक नगर है, जबकि सम्भल जिला मुख्यालय है। दोनों शहरों के बीच सीधी रेल कनेक्टिविटी नहीं होने के कारण लाखों नागरिकों, व्यापारियों, छात्रों और किसानों को प्रतिदिन भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि सम्भल से दिल्ली जाने वाले हजारों यात्री, विशेषकर कमीशन एजेंट, आज भी डग्गामार वाहनों पर निर्भर हैं, जिससे समय, धन और सुरक्षा तीनों की समस्या बनी रहती है। कांग्रेस नेता ने पत्र में उल्लेख किया कि अमरोहा और सम्भल लोकसभा क्षेत्रों के सांसद भी कई बार संसद में इस मुद्दे को उठा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस प्रगति नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि गजरौला-सम्भल रेल लाइन बनने से न केवल क्षेत्रीय आवागमन सुगम होगा, बल्कि उद्योग, शिक्षा, व्यापार और रोजगार को भी नई गति मिलेगी। साथ ही, यह मार्ग मुरादाबाद रेल मंडल के अंतर्गत कम दूरी का होने से निर्माण लागत भी अपेक्षाकृत कम आएगी और लाभ अधिक होगा।

श्रीराम मौर्य ने रेल मंत्री से आग्रह किया है कि जनहित को देखते हुए प्रस्तावित रेल मार्ग का शीघ्र सर्वेक्षण कराकर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि केंद्र सरकार जनता की इस मांग को प्राथमिकता देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित