वाराणसी , सितंबर 13 -- बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच रविवार को झड़प हो गई। छात्रों का आरोप है कि यह विवाद घायल छात्र के उपचार में देरी को लेकर हुआ।

बिरला 'सी' छात्रावास के एमए द्वितीय वर्ष के फ्रेंच विभाग के छात्र राम के साथ शनिवार मध्यरात्रि को दुर्घटना हुई थी। घायल छात्र को तत्काल बीएचयू स्थित ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया। छात्रों का आरोप है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद राम को कई घंटे तक आवश्यक प्राथमिक उपचार नहीं मिला और उसके घाव पर समय से टांके नहीं लगाए गए।

छात्रों के अनुसार, करीब 12 घंटे बाद लगातार आग्रह के पश्चात उसका उपचार शुरू हुआ और गंभीर घाव पर टांके लगाए गए। छात्रों ने अस्पताल के कुछ सुरक्षाकर्मियों पर दुर्व्यवहार और धमकी देने का आरोप लगाया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित