धार , अप्रैल 04 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के गंधवानी थाना क्षेत्र में अज्ञात बदमाशों ने बस परिचालक पर जानलेवा हमला कर उसकी बाइक, मोबाइल और नकदी लूट ली। घटना के बाद घायल युवक को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार भेसावाद निवासी राहुल अचाले, जो एक निजी बस में परिचालक है, ड्यूटी खत्म कर गंधवानी से अपने गांव लौट रहा था। पानवा मालपुरा के आगे घात लगाए बैठे बदमाशों ने उसे रोककर हमला कर दिया। हमलावर उसे पास के मक्का के खेत में ले गए और बेरहमी से मारपीट कर बाइक, मोबाइल व नकदी लूटकर फरार हो गए।

घायल युवक पूरी रात खेत में लहूलुहान अवस्था में बेहोश पड़ा रहा। सुबह परिजनों और बस चालक द्वारा तलाश किए जाने पर वह काबरवा घाटी के पास खेत में मिला। इसके बाद उसे तत्काल बड़वानी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि काबरवा घाटी से पानवा के बीच का मार्ग लूटपाट की घटनाओं का हॉटस्पॉट बनता जा रहा है। क्षेत्र में लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश है और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है। पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित