, Sept. 29 -- जारी जानकारी के अनुसार गंडक नदी के बढ़े जलस्तर के कारण 28 और 29 सितंबर की मध्यरात्रि पश्चिम चंपारण जिले में नदी के बायें तट पर निर्मित चंपारण तटबंध दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त हुआ है। इनमें बगहा-1 प्रखंड के खैरतवा गांव तथा बैरिया प्रखंड के फुलियाखाड़ गांव के समीप के स्थल शामिल हैं। इसके अतिरिक्त उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में गंडक नदी के दायें तट पर निर्मित तटबंध भी एक स्थान पर क्षतिग्रस्त हुआ है।

इस संबंध में जल संसाधन विभाग और पश्चिम चंपारण जिला प्रशासन की टीमें आवश्यक कार्रवाई में जुटी हैं। नदी में अत्यधिक जलश्राव के कारण तटबंधों पर लगातार भारी दबाव बना हुआ है। कई स्थानों पर सीपेज, पाइपिंग और ओवरटॉपिंग की समस्या उत्पन्न हुई। विभाग के अनुसार, अब तक 169 बिंदुओं पर सीपेज और पाइपिंग की समस्या का तत्काल निराकरण कर उन्हें सुरक्षित किया गया है।

बिहार सरकार ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्यालय से रात में ही कार्यपालक अभियंता की अध्यक्षता में चार विशेष दलों को बगहा, बेतिया, मोतिहारी और गोपालगंज भेजा गया है। इससे पहले भी अप्रत्याशित जलश्राव को देखते हुए अतिरिक्त अभियंताओं की प्रतिनियुक्ति की गई थी।

विभाग के क्षेत्रीय अभियंता लगातार बाढ़ संघर्षात्मक कार्यों में लगे हुए हैं। वरीय अधिकारियों द्वारा तटबंधों की स्थिति और बचाव कार्यों की निरंतर निगरानी की जा रही है। प्रतिवेदन के अनुसार, नदी के अपस्ट्रीम में जलस्तर घटने, जबकि डाउनस्ट्रीम में बढ़ने की प्रवृत्ति बनी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित