पटना , सितंबर 28 -- पिछले तीन-चार दिनों से नेपाल एवं राज्य के सीमावर्ती जिलों में हो रही बारिश की वजह से गंडक, कोसी, बागमती आदि नदियों के जलस्तर में इजाफा हुआ है, जिससे निचले हिस्सों में पानी फैलने की वजह से सुपौल, पश्चिम चम्पारण एवं सहरसा के कुल 15 प्रखंडों 38 ग्राम पंचायतों की 1.15 लाख आबादी बाढ़ से प्रभावित हुई है। बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से 6000 पॉलीथीन शीट एवं 550 ड्राई राशन का वितरण किया गया है। आबादी निष्क्रमण एवं आवागमन सुगम बनाने के लिए प्रभावित जिलों में 200 नावों का परिचालन कराया जा रहा है।
विभागीय अधिकारियों के अनुसार, बाढ़ प्रभावित इलाकों में 54 कम्युनिटी किचन से 84000 लोगों को सुबह-शाम का भोजन उपलब्ध कराया गया है।
विभिन्न नदियों के जलस्तर पर गौर करें तो वाल्मीकिनगर बराज के पास गंडक का जलस्राव सोमवार को सुबह 10 बजे 4,49,250 क्यूसेक दर्ज किया गया और इसकी प्रवृत्ति घटने की है। वहीं, वीरपुर बराज के पास कोसी का जलस्तर 1,81,805 क्यूसेक के साथ स्थिर तो इंद्रपुरी बराज के पास सोन का जलस्राव 1,50,256 क्यूसेक के साथ बढ़ने की है। विभाग ने बचाव और राहत कार्यों के लिए संवेदनशील जिलों में एसडीआरएफ की 27 और एनडीआरएफ की 10 टीमें लगा रखी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित