देहरादून , सितम्बर 26 -- उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिला में गंगोत्री से गौमुख की ओर चढ़ाई करने जा रहा एक पर्यटक गहरी खाई में जा गिरा। शुक्रवार देर शाम लापता हुए पर्यटक की शनिवार को बचाव दल लगातार तलाश करते रहे, लेकिन खराब मौसम के कारण उसे तलाश नहीं किया जा सका है।

उत्तराखंड जिला आपदा परिचालन केन्द्र प्रभारी शार्दूल गुसांई ने आज बताया कि तहसील भटवाडी अन्तर्गत महाराष्ट्र से आए पांच पर्यटक कल गंगोत्री से गौमुख की ओर जा रहे थे। चौडबासा से आगे कच्चीढांग नामक स्थान पर उनके साथ जा रहे एक पर्यटक राम कुमार हनुमान गुप्ता, पुत्र रामकुमार गुप्ता (65) का पैर फिसलने से 130 मीटर गहरी खाई में गिर गया और उसके बाद लापता है। लापता पर्यटक कपिला अपार्टमेंट, ब्लॉक नं. 12, निकट यूको बैंक, करजत काचेन रोड, पाटिल अली, राजगढ़, महाराष्ट्र का रहने वाला है। उन्होंने बताया कि आज गंगोत्री धाम से छह एसडीआरएफ, चार नेपाली तथा भोजवासा से चार वन विभाग के जवान, दो पुलिस जवान, दो जवान पोर्टर कुल 18 जवान तथा पोर्टर लापता पर्यटक की खोजबीन के लिए प्रस्थान किए गए। उन्होंने बताया कि यह टीमें घटना स्थल पर पहुँचकर लापता पर्यटक की खोजबीन कर रही है। मौसम खराब होने एवं लागातार बारिश के कारण तलाश एवं बचाव अभियान प्रभावित हुआ है। मौसम सामान्य होने पर उक्त टीमों द्वारा लापता पर्यटक की खोजबीन पुनः की जायेगी। वर्तमान तक लापता पर्यटक का कोई पता नहीं चल पाया है।

श्री गुसाई ने बताया कि लापता पर्यटक के साथ दीपक छोटेलाल, शिवसेवक मोतीलाल, विशाल राम कुमार और निखिल सुरेश सकुशल हैं। लापता पर्यटक के परिजन साथ में मौजूद है। यह सभी पर्यटक वर्तमान में गंगोत्री धाम स्थित गोमुख होटल में ठहरे हुए है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित