देहरादून , सितम्बर 13 -- उत्तराखंड में गंगोत्री धाम यात्रा में पहली बार सर्वाधिक 7.84 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे है।

यहां के चार धामों में शामिल पवित्र यमुनोत्री धाम के बाद अब गंगोत्री धाम में श्रद्धालुओं की संख्या ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। गंगोत्री धाम के यात्रा इतिहास में पहली बार सर्वाधिक सात लाख 84 हजार 321 श्रद्धालु दर्शन को पहुंचे हैं। यमुनोत्री धाम में भी दर्शनार्थियों की संख्या सात लाख के पार पहुंच चुकी है। चारधाम यात्रा के 147 दिनों (12 सितंबर तक) में 50 लाख 28 हजार 497 श्रद्धालु चारधाम दर्शन कर चुके हैं। पिछले वर्ष की तुलना में यह संख्या पांच लाख 19 हजार 173 अधिक है। बीते वर्ष इतनी ही अवधि में यात्री संख्या 45 लाख 09 हजार 324 थी। यात्रा में अभी लगभग दो महीने का समय शेष है, जिससे श्रद्धालुओं की संख्या में बीते वर्षों की अपेक्षा भारी वृद्धि का अनुमान है।

इससे पूर्व यहां वर्ष 2022, 2023 और 2025 में श्रद्धालुओं की संख्या ने सात लाख का आंकड़ा पार किया है। वर्ष 2022 में 07 लाख 81 हजार 961, 2025 में 07 लाख 58 हजार 249 और 2023 में 07 लाख 12 हजार 749 यात्री धाम में दर्शन को पहुंचे थे। यमुनोत्री धाम में वर्ष 2025 में सर्वाधिक 06 लाख 44 हजार 637 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन को पहुंचे थे। इस बार यहां अभी तक 07 लाख 03 हजार 302 श्रद्धालु मां यमुना के दर्शन कर चुके हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित