उत्तरकाशी , अप्रैल 02 -- उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में चारधाम यात्रा के शुभारंभ में अब कुछ ही दिन शेष रह गए हैं। इसी क्रम में उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री धाम के कपाट आगामी 19 अप्रैल को श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए जाएंगे। कपाट खुलने को लेकर जिला प्रशासन एवं मंदिर समिति द्वारा तैयारियां तेज कर दी गई हैं।
यात्रा को सुव्यवस्थित एवं सुचारु बनाने के उद्देश्य से होटल एसोसिएशन और मंदिर समिति के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी के साथ गुरुवार को महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान प्रतिनिधियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर ज्ञापन भी सौंपा।
बैठक में मुख्य रूप से कोरोना महामारी के दौरान लागू की गई श्रद्धालुओं की सीमित संख्या के मुद्दे पर चर्चा हुई। होटल एसोसिएशन और मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि वर्तमान समय में परिस्थितियां पूरी तरह सामान्य हो चुकी हैं, ऐसे में मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या पर लगी पाबंदी को समाप्त किया जाना चाहिए। उनका तर्क था कि इससे अधिक संख्या में श्रद्धालु गंगोत्री धाम पहुंच सकेंगे, जिससे स्थानीय व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित