फर्रुखाबाद , जुलाई 18 -- उत्तर प्रदेश में फर्रुखाबाद जिले के कमालगंज थाना क्षेत्र स्थित श्रृंगीरामपुर गंगा घाट पर शनिवार को गंगा स्नान के दौरान इटावा निवासी एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई।

पुलिस सूत्रों के अनुसार इटावा जिले के सैफई थाना क्षेत्र के हरदोई गांव निवासी संजू (40) शनिवार को अपने परिजनों के साथ फर्रुखाबाद के श्रृंगीरामपुर गंगा घाट पर स्नान करने आया था। स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास किए गए, लेकिन वह पानी में लापता हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही कमालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की सहायता से तलाश अभियान चलाया। कुछ देर की मशक्कत के बाद युवक को गंगा से बाहर निकाला गया और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कमालगंज ले जाया गया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद संजू को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई कर रही है ।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित