वाराणसी , अप्रैल 23 -- काशी में गंगा सप्तमी के शुभ अवसर पर गुरुवार को श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के ललिता घाट पर अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं वैदिक परंपराओं के अनुरूप भव्य धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंदिर न्यास के सम्मानित अर्चक, विद्वान शास्त्री एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का प्रारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं आचार्यों के निर्देशन में विधिवत पूजन-अर्चन से हुआ। तत्पश्चात, शास्त्रोक्त विधि से माँ गंगा का अभिषेक संपन्न किया गया, जिसमें गंगाजल, दूध, पुष्प एवं विविध पूजन सामग्रियों का उपयोग कर श्रद्धापूर्वक आराधना की गई। संपूर्ण वातावरण वैदिक ऋचाओं एवं भक्तिभाव से गुंजायमान हो उठा, जिससे उपस्थित जनमानस को गहन आध्यात्मिक अनुभूति प्राप्त हुई।

अभिषेक अनुष्ठान के उपरांत धाम स्थित मंदिर परिसर में विराजमान माँ गंगा के विग्रह का भी विधिपूर्वक पूजन एवं आरती संपन्न की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने माँ गंगा एवं भगवान विश्वनाथ के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त करते हुए विश्व कल्याण एवं सुख-समृद्धि की कामना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित