प्रयागराज , अगस्त 18 -- उत्तर प्रदेश की संगम नगरी प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियों के बढ़ते जलस्तर के बीच मंगलवार को दारागंज स्थित गंगा रिवर फ्रंट का हिस्सा बाढ़ के पानी में डूब गया। इसी दौरान फाफामऊ से रिवर फ्रंट मार्ग होते हुए संगम की ओर जा रही एक कार गहरे पानी में समा गई। हालांकि कार में सवार सातों लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बढ़ते जलस्तर के कारण रिवर फ्रंट रोड पर कई स्थानों पर पानी भर गया था। इसी दौरान कार चालक को सड़क की स्थिति का सही अनुमान नहीं लग सका और वाहन गहरे पानी में चला गया। देखते ही देखते कार पानी में डूब गई और कुछ समय बाद पूरी तरह नजर आना बंद हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर दारागंज पुलिस, जल पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची। सुरक्षा के दृष्टिगत पुलिस ने रिवर फ्रंट रोड पर बैरिकेडिंग कर आवागमन पूरी तरह बंद कर दिया। बाद में हाइड्रा मशीन और गोताखोरों की मदद से कार को पानी से बाहर निकाल लिया गया। अधिकारियों के अनुसार हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है और कार में सवार सभी सात लोग सुरक्षित हैं।
गौरतलब है कि गंगा और यमुना नदियों के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है। अधिकारियों का कहना है कि यदि जलस्तर इसी गति से बढ़ता रहा तो निचले और तटीय इलाकों में बाढ़ का पानी प्रवेश कर सकता है। प्रशासन ने लोगों से जलमग्न मार्गों पर आवागमन से बचने तथा नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित