पटना , नवंबर 10 -- बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को कहा है कि गंगा में वाटर मेट्रो का शुभारंभ पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को बढ़ावा देने और जल परिवहन को आधुनिक एवं सुविधाजनक बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से पटना आने वाले पर्यटकों को गंगा में जलयात्रा का नया अनुभव मिलेगा, वहीं स्थानीय लोगों को अशोक राजपथ के यातायात जाम से राहत पाने के लिए परिवहन का एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होगा।

श्री चौधरी ने सोमवार को पटना के दीघा घाट से कंगन घाट तक कैटामरान वेसल (वाटर मेट्रो) का शुभारंभ किया और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि पर्यटन विभाग की यह पहल गंगा नदी में पर्यावरण अनुकूल पर्यटन को प्रोत्साहित करने के साथ पर्यटकों को आधुनिक जल परिवहन सेवा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इससे राजधानी में पर्यटन की संभावनाओं को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने कहा कि वाटर मेट्रो के परिचालन से पटनावासियों को अशोक राजपथ के ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और गंगा के रास्ते सुगम एवं सुविधाजनक सफर का विकल्प मिलेगा।

आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह कैटामरान वेसल एक बार में 50 यात्रियों को लेकर चलने में सक्षम है। यह मुख्य रूप से विद्युत ऊर्जा से संचालित होता है। इसके परिचालन से जल, ध्वनि और वायु प्रदूषण नहीं होगा। जलयान में उद्घोषणा प्रणाली, वातानुकूलन, शौचालय, व्हीलचेयर सहित अन्य आवश्यक आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध करायी गयी हैं।

वाटर मेट्रो का परिचालन पटना के दीघा स्थित मीनार घाट से शुरू होकर गांधी घाट तक होगा। इसके बाद गांधी घाट से पुनः दीघा के लिए प्रस्थान करेगा और शाम को दीघा मीनार घाट पहुंचेगा। इस आधुनिक जलयान में यात्रा के लिए प्रति वयस्क 50 रुपये किराया निर्धारित किया गया है। पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए यात्रा निःशुल्क होगी, जबकि पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों को निर्धारित किराये का आधा भुगतान करना होगा।

पर्यटक फिलहाल दीघा घाट स्थित काउंटर से टिकट प्राप्त कर सकते हैं। शीघ्र ही ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा भी शुरू की जाएगी। कैटामरान वेसल हाइब्रिड इंजन से लैस है। इसकी बैटरी चार्ज करने के लिए दीघा मीनार घाट और गांधी घाट पर फास्ट चार्जर तथा शोर चार्जर की व्यवस्था की गयी है। भविष्य में इसके परिचालन का विस्तार कंगन घाट तक किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित