प्रयागराज, अप्रैल 22 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के मांडा स्थित डेगुरपुर गंगा घाट पर आज एक युवक गंगा में डूब गया। युवक की पहचान लखीमपुर खीरी जिले के पड़ीपुर गांव निवासी अवध राम के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, अवध राम गंगा घाट पर खड़ा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गंगा में जा गिरा। स्थानीय लोगों ने उसे डूबते देखा, लेकिन अत्यधिक कटान के कारण वे उसे तुरंत बचाने में असमर्थ रहे। अवध राम अपने साथियों के साथ डेगुरपुर मांडा गंगा घाट पर चल रहे कटान कार्य में मजदूरी करने आया था।

घटना की सूचना मिलते ही मांडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय मछुआरों की मदद से डूबे हुए युवक की तलाश शुरू की। लगभग 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मछुआरों की सहायता से अवध राम का शव गंगा से बाहर निकाला गया।

मांडा पुलिस प्रशासन ने इस कार्य के लिए मछुआरा कलेदर निषाद और उनके साथियों की सराहना की। उल्लेखनीय है कि लगभग एक महीने पहले बामपुर गांव में चार बच्चों के गंगा में डूबने की घटना में भी कलेदर निषाद ने सराहनीय भूमिका निभाई थी, जिसमें उन्होंने तीन लोगों को बचाया था और बाद में जाल की मदद से चार शवों को निकाला था। इस कार्य के लिए प्रशासन ने उन्हें नगद पुरस्कार भी दिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित