मुनिकीरेती , मई 14 -- उत्तराखंड में टिहरी गढ़वाल जनपद के पांडु पत्थर क्षेत्र में गुरुवार देर शाम गंगा नदी में नहाते समय एक 16 वर्षीय किशोर तेज बहाव में बह जाने से अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और आज देर शाम तक सर्च अभियान चलाया, लेकिन अंधेरा और नदी में शून्य विजिबिलिटी होने के कारण अभियान अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।

जानकारी के अनुसार नई दिल्ली के सागरपुर, जनकपुरी निवासी आशीष कुमार पुत्र ओम प्रकाश अपने तीन दोस्तों के साथ पांडु पत्थर के पास गंगा नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते पानी में ओझल हो गया। आशीष कक्षा 11 का छात्र बताया जा रहा है।

घटना की सूचना शाम करीब छह बजे थाना मुनिकीरेती के माध्यम से एसडीआरएफ को दी गई। सूचना मिलते ही प्रशिक्षित डीप डाइविंग टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल पर पहुंची और गंगा नदी में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में काफी देर तक खोजबीन की, लेकिन देर शाम अंधेरा होने और नदी में विजिबिलिटी समाप्त हो जाने के कारण अभियान रोकना पड़ा।

एसडीआरएफ अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार सुबह स्थानीय जल पुलिस और गोताखोरों के सहयोग से दोबारा सर्च अभियान चलाया जाएगा। फिलहाल किशोर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।

उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि वर्तमान समय में गंगा नदी का जलस्तर और बहाव काफी तेज है। ऐसे में लोग अनजान और गहरे स्थानों पर स्नान करने से बचें तथा घाटों पर लगाए गए चेतावनी बोर्डों का पालन करें। बच्चों को अकेले नदी किनारे न जाने देने की भी सलाह दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित