ऋषिकेश , जून 13 -- उत्तराखंड में ऋषिकेश के तपोवन स्थित साईं घाट पर गंगा में डूबे राजस्थान निवासी युवक का शव पांच दिन बाद शनिवार को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने बरामद कर लिया है। वहीं अभियान के दौरान एक अन्य अज्ञात व्यक्ति का शव भी मिलने से पुलिस ने उसकी पहचान के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

जानकारी के अनुसार आठ जून को थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के साईं घाट पर स्नान करते समय राजस्थान के जोधपुर निवासी 20 वर्षीय श्याम जांगिड़ गंगा के तेज बहाव में बह गया था। घटना के बाद से एसडीआरएफ की टीम लगातार गंगा में सर्च अभियान चला रही थी।

एसडीआरएफ ने आज अभियान के दौरान पशुलोक बैराज क्षेत्र से एक युवक का शव बरामद किया। मौके पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान श्याम जांगिड़ के रूप में की। इसके बाद एसडीआरएफ ने शव को स्थानीय पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए एम्स ऋषिकेश की मोर्चरी भिजवा दिया।

एसडीआरएफ के सर्च अभियान के दौरान ही पशुलोक बैराज क्षेत्र से एक अन्य अज्ञात पुरुष का शव भी बरामद हुआ। टीम ने शव को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। प्रारंभिक जांच में शव लगभग आठ से दस दिन पुराना प्रतीत हो रहा है तथा मृतक की आयु 30 से 35 वर्ष के बीच बतायी गई है।

पुलिस ने अज्ञात शव की शिनाख्त के लिए आसपास के सभी संबंधित थाना क्षेत्रों को सूचना भेज दी है। अधिकारियों के अनुसार, शव की पहचान और मृत्यु के कारणों की जांच की जा रही है। मामले में अग्रिम कार्रवाई स्थानीय पुलिस द्वारा की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित