, June 18 -- हरिद्वार, 18 जून, (जून) हरिद्वार के भूपतवाला स्थित बलराम घाट पर गंगा नदी में स्नान के दौरान डूबे गुजरात निवासी 16 वर्षीय किशोर का शव एसडीआरएफ ने विशेष सर्च अभियान चलाकर गुरुवार को बरामद कर लिया है । किशोर पिछले दो दिनों से लापता था और उसकी तलाश लगातार जारी थी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, हर्षिल चौहान पुत्र राजू चौहान, निवासी सूरत (गुजरात) 17 जून की सुबह अपने परिवार के साथ हरिद्वार भ्रमण पर आया था। बलराम घाट पर गंगा स्नान के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में डूब गया। घटना की सूचना तत्काल सप्तऋषि पुलिस चौकी को दी गई, जिसके बाद जल पुलिस द्वारा उसकी खोजबीन शुरू की गई।

गुरुवार को सूचना मिलने पर एसडीआरएफ ढालवाला, ऋषिकेश की टीम निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने बलराम घाट के समीप ठोकर संख्या-16 क्षेत्र में डीप डाइविंग उपकरणों की सहायता से सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान डीप डाइवर मातबर सिंह ने करीब 20 से 25 फीट गहराई में किशोर के शव का पता लगाकर उसे बाहर निकाला।

एसडीआरफ ने आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द कर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित