ऋषिकेश , मई 25 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में गंगा दशहरा के अवसर पर सोमवार को गंगा स्नान के दौरान दो अलग-अलग घटनाओं में गंगा में उतरे एक युवक की डूबने से मौत हो गई, वहीं एक अन्य युवक को राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) ने बचा लिया हैं।
जानकारी के अनुसार थाना मुनिकीरेती क्षेत्र के लक्ष्मण झूला-तपोवन स्थित सच्चा धाम घाट पर दिल्ली से घूमने आए छह युवकों के समूह में शामिल एक युवक गंगा में तैरने उतर गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घाट पर मौजूद चेतावनियों के बावजूद युवक तेज बहाव की चपेट में आ गया और देखते ही देखते लापता हो गया।
सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम ढालवाला मौके पर पहुंची और तत्काल बचाव अभियान शुरू किया। डीप डाइवर अनूप सिंह रावत ने स्कूबा डाइविंग के माध्यम से लगभग 10 से 15 फीट गहराई में युवक को खोज निकाला। बाहर निकालने पर युवक अचेत अवस्था में मिला, जिसके बाद मौके पर मौजूद जवानों ने सीपीआर देकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान चंदन यादव (21) पुत्र राम अवतार, निवासी सेक्टर-63, जितेंद्र कॉलोनी, नोएडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
इसी दौरान गंगा दशहरा पर्व पर त्रिवेणी घाट में स्नान कर रहा एक अन्य युवक अचानक तेज बहाव में फंस गया। घाट पर पहले से तैनात एसडीआरएफ टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
एसडीआरएफ निरीक्षक कविंद्र सिंह सजवाण ने बताया कि बचाए गए युवक की पहचान अवनीश कुमार पुत्र वीरेंद्र, निवासी मोदीनगर, जिला गाजियाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
गंगा दशहरा जैसे धार्मिक आयोजनों के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बीच प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि गंगा के तेज बहाव को देखते हुए निर्धारित क्षेत्रों में ही स्नान करें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित