पटना , अक्टूबर 27 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री सह जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने मंगलवार को कहा है कि गंगा बाढ़ नियंत्रण आयोग का मुख्यालय पटना में ही बनाए रखने की बिहार की मांग पर ध्यान देते हुए केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने पूर्ववत व्यवस्था कायम रखने के निर्देश दिए हैं।
बिहार सरकार संसाधन विभाग से जारी सूचना के अनुसार श्री चौधरी ने नई दिल्ली में आयोजित गंगा बाढ़ नियंत्रण बोर्ड की 19वीं बैठक में आयोग का मुख्यालय दिल्ली स्थानांतरित किए जाने का विरोध करते हुए कहा कि इससे बिहार में बाढ़ प्रबंधन की योजनाओं की स्वीकृति और बाढ़ निरोधक कार्यों के समय पर क्रियान्वयन में कठिनाई होगी।
बिहार के उपमुख्यमंत्री ने बैठक में कहा कि वर्ष 1972 में गंगा बाढ़ नियंत्रण आयोग के गठन के समय से ही इसके अध्यक्ष और सदस्यों का मुख्यालय पटना में रहा है। हाल में केंद्रीय जल शक्ति मंत्रालय ने इसे दिल्ली स्थानांतरित कर दिया था। उन्होंने कहा कि आयोग का मुख्यालय पटना में बनाए रखना मूल परिकल्पना के अनुरूप है और इसे दिल्ली स्थानांतरित करना उचित नहीं है। इससे पहले मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नेतृत्व में बिहार सरकार पहले भी केंद्र से मुख्यालय पटना में ही रखने का अनुरोध कर चुकी है।
उपमुख्यमंत्री की मांग का पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और उत्तर प्रदेश के जल संसाधन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने भी समर्थन किया। इसके बाद केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सी. आर. पाटिल ने गंगा बाढ़ नियंत्रण आयोग का मुख्यालय पूर्ववत पटना में रखने के लिए निर्देश दिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित