ऋषिकेश , मई 28 -- उत्तराखंड के ऋषिकेश में थाना लक्ष्मण झूला क्षेत्रांतर्गत सिंगटाली पुल के पास गुरुवार को गंगा नदी में स्नान के दौरान दो पर्यटक तेज बहाव में बह गए।
सूचना मिलते ही राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर तलाश अभियान शुरू किया। देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं लग पाया था।
जानकारी के अनुसार मेरठ से छह लोगों का एक समूह घूमने के लिए ऋषिकेश आया था। आज दोपहर करीब 1:50 बजे सभी लोग सिंगटाली पुल के समीप गंगा नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक महिला और एक पुरुष अचानक संतुलन खो बैठे और तेज बहाव की चपेट में आकर नदी में बह गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना पर एसडीआरएफ की ढालवाला एवं ब्यासी टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया। एसडीआरएफ के डीप डाइवर नदी की गहराइयों में लगातार तलाश कर रहे हैं।
लापता लोगों की पहचान ऋतु पत्नी वांशिक माहेश्वरी (30) निवासी मेरठ तथा नरेश उपाध्याय (42) निवासी ग्राम जागेठी, थाना काकरखेड़ा, मेरठ के रूप में हुई है। साथियों ने बताया कि सभी लोग मेरठ स्थित दास हुंडई शोरूम में कार्यरत हैं और अवकाश होने के कारण ऋषिकेश घूमने आए थे।
एसडीआरएफ ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि गंगा नदी में प्रतिबंधित अथवा असुरक्षित स्थानों पर स्नान न करें। नदी में उतरते समय सावधानी बरतें और तेज बहाव वाले क्षेत्रों से दूर रहें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित