भागलपुर,26अगस्त (वार्ता)बिहार में भागलपुर जिले के खरीक अंचल के राघोपुर गांव के पास गंगा नदी में बुधवार को एक बड़ी नाव के अचानक पलट जाने से दो लोगों के डूबकर मरने की आशंका है, तथा अन्य उन्नीस लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया है।भागलपुर की जिलाधिकारी श्रीमती अलंकृता पांडेय ने यहां बताया कि राघोपुर गांव के पास तीन दिन पहले क्षतिग्रस्त काजीकोरैया - राघोपुर तटबंध के मरम्मती कार्य में लगे कुछ मजदूर वहां पर जल संसाधन विभाग की नाव से बालू से भरे जी टैग बोरे को उतार रहे थे, तभी गंगा के पानी के तेज प्रवाह की वजह से नाव असंतुलित होकर पलट गई।उन्होंने बताया कि इस हादसे में गंगा में डूब रहे 21 मजदूरो में से 19 को मौके पर तैनात एसडीआरएफ की टीम ने त्वरित कार्रवाई कर सुरक्षित बचा लिया। लेकिन दो मजदूरो का पता नहीं चल पाया है।
श्रीमती पांडेय ने बताया कि एसडीआरएफ की टीम दोनों मजदूरों की सुरिक्षत बरामदगी के लिए घटनास्थल और इसके निकटवर्ती क्षेत्रों में तेजी से खोजबीन कर रही है।इधर पानी से सुरक्षित बाहर निकाले गए सभी मजदूरों की स्थिति सामान्य है।
जिलाधिकारी ने बताया कि इस हादसे के मद्देनजर स्थानीय पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर कैंप किए हुए हैं।साथ ही वहां पर प्राथमिक चिकित्सा की व्यवस्था की गई है।
गौरतलब है कि विगत तीन दिन पहले खरीक अंचल के राघोपुर गांव के पास गंगा में आई बाढ़ के पानी के तेज प्रवाह से काजीकोरैया - राघोपुर तटबंध के अचानक क्षतिग्रस्त हो जाने के कारण राघोपुर गांव के पांच वार्डो में पानी घुस गया है। यहां तक कि राज्य के ऊर्जा मंत्री शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल का पैतृक घर और संपर्क पथ जलमग्न है। इसके बाद पटना से आई जल संसाधन विभाग की तकनीकी अधिकारियों के देखरेख में उक्त तटबंध के मरम्मती कार्य तेजी से किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित