रायबरेली , अगस्त 26 -- उत्तर प्रदेश के रायबरेली से होकर गुजरने वाली गंगा नदी का जलस्तर बुधवार को चेतावनी बिंदु को पार कर गया। जलस्तर 98.400 मीटर दर्ज किया गया, जबकि चेतावनी स्तर 98.360 मीटर और खतरे का निशान 99.360 मीटर है।

चेतावनी बिंदु पार होने के बाद जिला प्रशासन ने निचले इलाकों और गंगा किनारे बसे गांवों में निगरानी बढ़ा दी है। सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और राजस्व टीमें मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही हैं। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार भ्रमण कर ग्रामीणों को सतर्क किया जा रहा है और मुनादी कराई जा रही है।

प्रशासन ने बाढ़ चौकियों को सक्रिय कर दिया है। प्रभावित क्षेत्रों में नाव, गोताखोर और राहत सामग्री की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। गंगा किनारे बसे गांवों में जलस्तर और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

जिलाधिकारी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और आपात स्थिति में जिला आपदा नियंत्रण कक्ष से संपर्क करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित