कौशांबी , मई 25 -- उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में गंगा दशहरा के पावन पर्व पर सोमवार को भोर से ही गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं का भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा। दोपहर तक एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर पूजा-अर्चना की और मां गंगा का आशीर्वाद प्राप्त किया। पर्व को लेकर घाटों पर धार्मिक उल्लास और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।

मान्यता है कि ज्येष्ठ शुक्ल दशमी के दिन मां गंगा का पृथ्वी पर अवतरण हुआ था। इसी कारण गंगा दशहरा के अवसर पर गंगा स्नान का विशेष महत्व माना जाता है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि इस दिन गंगा में स्नान करने से मनुष्य पापों से मुक्त होकर पुण्य लाभ प्राप्त करता है।

शक्तिपीठ शीतला देवी कड़ा धाम स्थित कुबरी गंगा घाट, कालेश्वर घाट, बाजार घाट और हनुमान घाट पर तड़के से ही श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। हजारों श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के बाद मां गंगा की विधिवत पूजा-अर्चना की।

स्थानीय श्रद्धालुओं के अलावा प्रतापगढ़, चित्रकूट, फतेहपुर समेत आसपास के कई जनपदों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु कड़ा धाम पहुंचे। गंगा स्नान के उपरांत श्रद्धालुओं ने मां शीतला देवी मंदिर पहुंचकर दर्शन-पूजन किया तथा ध्वजा, पताका, नारियल, चुनरी और बताशा अर्पित कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना की।

इसी क्रम में अफजलपुर सातों, लेहदरी, शहजादपुर, संदीपन घाट, पल्हना घाट और फतेहपुर घाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। प्रशासन द्वारा सुरक्षा एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित