पटना , अगस्त 31 -- जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश प्रवक्ता डा. निहोरा प्रसाद यादव ने सोमवार को कहा साल 1996 में हुई गंगा जल संधि पर तत्कालीन मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की चुप्पी ने बिहार के हितों को बड़ा नुकसान पहुंचाया।
डॉ. यादव ने कहा कि इस जल संधि के मामले में श्री यादव ने अपने राजनीतिक फायदे के लिए राज्य का नुकसान कराया था है।
जदयू प्रवक्ता ने कहा कि साल 1996 में केंद्र में तत्कालीन संयुक्त मोर्चे की सरकार के समय हुई फरक्का जल संधि के दौरान लालू प्रसाद यादव बिहार के मुख्यमंत्री थे और केंद्र की सरकार में प्रभावशाली भूमिका में थे। इसके बावजूद उन्होंने बिहार के हितों से समझौता होने दिया और इस संधि के खिलाफ आवाज नहीं उठाई।
डॉ. यादव ने लालू प्रसाद यादव पर तंज कसते हुए कहा कि उस दौरान केंद्रीय विदेश मंत्री आई के गुजराल थे, जिनसे लालू प्रसाद यादव के बेहद करीबी संबंध थे। अगर लालू प्रसाद यादव चाहते तो उन संबंधों का हवाला देकर इस संधि को रुकवाने का काम कर सकते थे, लेकिन लालू प्रसाद यादव ने अपने हितों के आगे बिहार के हितों की बलि चढ़ाने का काम किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित