पौड़ी गढ़वाल , मई 25 -- उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद अंतर्गत, लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र में गंगा घाट पर स्नान कर रहे हरियाणा के श्रद्वालुओं की कार का शीशा तोड़कर उसमें रखी नकदी और महत्वपूर्ण दस्तावेज चुराने वाले तीन टप्पेबाजों को स्थानीय पुलिस ने महज 48 घंटों में गिरफ्तार कर लिया हैं।
तीनों टप्पेबाज गुजरात और महाराष्ट्र के रहने वाले हैं।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि शनिवार को नरेन्द्र पुनिया, निवासी फरीदाबाद (हरियाणा) ने कोतवाली लक्ष्मण झूला में एक शिकायत दी । जिसमें उन्होंने बताया कि गीता भवन के सामने गंगा घाट पर स्नान के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा उनकी कार से गाड़ी की आरसी, उनकी एवं उनके पिता की टाइटन घड़ियां, लगभग 60 से 65 हजार रुपए नगदी, उनका एवं उनकी पत्नी का आधार कार्ड, स्टेट बैंक के डेबिट एवं क्रेडिट कार्ड, गृह मंत्रालय तथा दिल्ली पुलिस का पहचान पत्र सहित अन्य महत्वपूर्ण दस्तावेज चोरी कर दिए हैं।
उन्होंने बताया कि उक्त टप्पेबाजी की घटना में संलिप्त व्यक्तियों की शीघ्र गिरफ्तारी को प्रभारी निरीक्षक सूर्यभूषण नेगी के नेतृत्व में गठित टीम ने घटना स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों से सूचनाएं एकत्रित की। पुलिस की बहुस्तरीय जांच में यह तथ्य सामने आया कि घटना को तीन शातिर टप्पेबाजों ने सुनियोजित तरीके से अंजाम दिया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित