पटना , सितंबर 04 -- टना साहिब के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने शुक्रवार को अपने संसदीय क्षेत्र के अंतर्गत पटना सिटी और पटना सदर अनुमंडल में गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर से उत्पन्न बाढ़ की स्थिति का स्थलीय निरीक्षण किया।श्री प्रसाद ने पटना सिटी के भद्र घाट से अपने निरीक्षण की शुरुआत की, जहाँ से वे कंगन घाट, रानी घाट, कृष्णा घाट होते हुए दीघा के बिन्द टोली सहित दीघा घाट तथा नटा दियारा तक गए। इस दौरान उन्होंने घाटों पर गंगा के जलस्तर, कटाव की स्थिति और निचले इलाकों में जलजमाव का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं।
निरीक्षण के क्रम में सांसद ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत सामग्री, पेयजल, दवा और नाव की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही निचले इलाकों में सामुदायिक किचन शुरू करने और स्वास्थ्य टीम को सक्रिय रखने को कहा।
श्री प्रसाद ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार बाढ़ पीड़ितों के साथ है और स्थिति पर उनकी लगातार नजर बनी हुई है। जिला प्रशासन ने उन्हें आश्वस्त किया कि सभी घाटों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी है।
निरीक्षण के दौरान श्री प्रसाद के साथ पटना साहिब विधानसभा के विधायक रत्नेश कुशवाहा, दीघा विधायक संजीव चौरसिया, पटना जिला प्रशासन के अधिकारी, पटना सिटी एसडीएम, एडीएम आपदा और पटना सदर डीसीएलआर, पटना सदर बीडीओ, सीओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित