पटना , सितंबर 8 -- बिहार में गंगा नदी के जलस्तर में मंगलवार की शाम तक उतार-चढ़ाव जारी रहा। जल संसाधन विभाग की ओर से केंद्रीय जल आयोग (सीडब्ल्यूसी) के आंकड़ों के आधार पर जारी रिपोर्ट के अनुसार गंगा कई स्थानों पर खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। हालांकि, बक्सर, पटना के मनेर, दीघाघाट और बैंका घाट समेत कई स्थानों पर जलस्तर में गिरावट दर्ज की गई है, जबकि भागलपुर के कहलगांव, अजमाबाद और साहेबगंज में नदी का जलस्तर बढ़ रहा है।रिपोर्ट के अनुसार बक्सर में गंगा का जलस्तर शाम आठ बजे तक 59.99 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 60.32 मीटर से 0.34 मीटर नीचे है। यहां जलस्तर लगातार घट रहा है।
पटना जिले में मनेर में गंगा 53.22 मीटर पर बह रही थी, जो खतरे के निशान 52 मीटर से 1.22 मीटर ऊपर है। यहां जलस्तर में गिरावट का रुख दर्ज किया गया। दीघाघाट में जलस्तर 51.39 मीटर रहा, जो खतरे के निशान 50.45 मीटर से 0.94 मीटर ऊपर है। यहां भी जलस्तर घट रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित