भदोही , अगस्त 22 -- : उत्तर प्रदेश के भदोही जिले में गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। शनिवार दोपहर तक जलस्तर 76.76 मीटर पहुंच गया। करीब दो घंटे में एक सेंटीमीटर की रफ्तार से बढ़ रहे जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है।
जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक अभिनव त्यागी ने शनिवार को गंगा के तटवर्ती एवं संभावित बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रशासन के अनुसार जिले में बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए 22 बाढ़ चौकियां और नियंत्रण कक्ष स्थापित किए गए हैं। राहत एवं बचाव कार्य से संबंधित अन्य तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। गंगा का जलस्तर बढ़ने के साथ कोनिया क्षेत्र में हल्की कटान शुरू हो गई है। प्रशासन ने आशंका जताई है कि जलस्तर में और वृद्धि होने पर कटान की रफ्तार तेज हो सकती है। वहीं, नदी की धारा किनारे की ओर बढ़ने से तराई क्षेत्र में सैकड़ों बीघे फसल जलमग्न हो गई है।
सीतामढ़ी स्थित महर्षि वाल्मीकि घाट की कुछ सीढ़ियां भी पानी में डूब गई हैं। वहीं, उड़िया बाबा आश्रम चारों ओर से पानी से घिर गया है। गंगा का चेतावनी बिंदु 80.20 मीटर तथा खतरे का निशान 81.20 मीटर निर्धारित है। प्रशासन तटवर्ती क्षेत्रों में जलस्तर और कटान की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।
उल्लेखनीय है कि गंगा के जलस्तर में लगातार वृद्धि से निचले इलाकों में रहने वाले लोगों और किसानों की चिंता बढ़ गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित