हरिद्वार , अप्रैल 12 -- उततराखंड में हरिद्वार कोतवाली नगर क्षेत्र के कबीर कुटीर घाट (सप्तऋषि क्षेत्र) में रविवार को गंगा नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से स्नान कर रहे 21 लोग तेज बहाव के बीच फंस गए, जिन्हें पुलिस और जल पुलिस की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सुरक्षित बचा लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, टापू पर मौजूद पुरुष, महिलाएं और बच्चे गंगा में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ने से नदी का प्रवाह तेज हो गया और सभी लोग बीच टापू पर ही घिर गए। स्थिति गंभीर होती देख मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही चौकी इंचार्ज सप्तऋषि अपनी टीम, चेतक कर्मियों और जल पुलिस के साथ बोट और आपदा राहत उपकरणों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। टीम ने बिना देर किए रेस्क्यू अभियान चलाया और सभी फंसे लोगों को सुरक्षित किनारे तक पहुंचाया।
रेस्क्यू किए गए लोगों में 10 पुरुष, सात महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। बताया जा रहा है कि यह सभी लोग दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान के निवासी हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित