वाराणसी , अगस्त 16 -- गंगा नदी के लगातार बढ़ते जलस्तर को देखते हुए 11वीं राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था और सुदृढ़ कर दी है। कमांडिंग ऑफिसर अनूप सिंह बिष्ट के निर्देशन में एनडीआरएफ की टीमें 24 घंटे तैनात रहकर नियमित बोट पेट्रोलिंग तथा सतत निगरानी के माध्यम से नदी की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।

एनडीआरएफ के अनुसार, रविवार को गंगा का जलस्तर 65 मीटर दर्ज किया गया, जबकि इसमें लगभग छह सेंटीमीटर प्रति घंटे की दर से वृद्धि हो रही है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए जन-सुरक्षा के मद्देनजर अग्रिम आदेश तक नौका संचालन स्थगित कर दिया गया है। एनडीआरएफ की टीमें नाविकों, यात्रियों एवं आमजन को जिला प्रशासन और जल पुलिस द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करने तथा नदी में अनावश्यक प्रवेश से बचने के लिए लगातार जागरूक कर रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित