बदायूं , सितंबर 4 -- उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में हजरतपुर थाना क्षेत्र के गंगा एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार सुबह हरदोई से दिल्ली जा रही एक डबल डेकर बस अगला टायर फटने के बाद अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में करीब 15 यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल और राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस के अनुसार किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई है।
पुलिस के अनुसार बस में करीब 125 यात्री सवार थे। हादसे के बाद यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलने पर हजरतपुर थाना पुलिस और आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। एंबुलेंस की मदद से घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज भेजा गया।
पुलिस अधीक्षक नगर क्षेत्र अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि हरदोई से दिल्ली जा रही डबल डेकर बस का अगला टायर फट जाने से वह गंगा एक्सप्रेसवे पर अनियंत्रित होकर पलट गई। उन्होंने बताया कि हादसे में 15 लोग घायल हुए हैं और सभी की हालत खतरे से बाहर है।
उन्होंने बताया कि हादसे के बाद बस को एक्सप्रेसवे से हटवा दिया गया है और यातायात सुचारू करा दिया गया। दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित