कानपुर , नवंबर 04 -- नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत बुधवार को कानपुर के गंगा बैराज स्थित अटल घाट पर गंगा उत्सव- 2026 की मुख्य संध्या का आयोजन किया गया। जिला गंगा समिति के तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में दीपोत्सव, भव्य महागंगा आरती और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गंगा की सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्ता के साथ ही नदी संरक्षण और स्वच्छता का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में विधायक नीलिमा कटियार की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 4:30 बजे हुआ। प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी (डीएफओ) आकांक्षा जैन ने उपस्थित अतिथियों का स्वागत किया। स्थानीय कलाकारों ने पारंपरिक लोकनृत्य एवं संगीत की प्रस्तुतियों के माध्यम से गंगा की महत्ता और लोक संस्कृति के विविध रंगों को प्रदर्शित किया। शाम 5:30 बजे दीपोत्सव का आयोजन किया गया, जिसमें 5100 दीप प्रज्वलित किए गए। दीपों की रोशनी से अटल घाट का गंगा तट जगमगा उठा। इसके बाद शाम 6 बजे वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आचार्य कालीचरण दीक्षित एवं अन्य पुरोहितों द्वारा भव्य महागंगा आरती की गई।
गंगा उत्सव के अंतर्गत एक से तीन नवंबर तक जनपद में विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें प्रभात फेरी, खेल प्रतियोगिताएं, संगोष्ठियां तथा स्कूल-कॉलेजों में विभिन्न प्रतियोगिताएं शामिल रहीं। इन गतिविधियों में प्रतिभाग करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी आकांक्षा जैन द्वारा पुरस्कृत किया गया।
इसके साथ ही पर्यावरण एवं नदी संरक्षण के क्षेत्र में सराहनीय योगदान देने वाले गैर सरकारी संगठनों एवं सामाजिक संस्थाओं वीमेन एम्पावरमेंट वेलफेयर सोसाइटी, रेवम्प इंडिया, गंगा रक्षक दल (श्री मां गंगा आरती परिवार निधि), गीतानुरागी फाउंडेशन एवं कानपुर प्लॉगर सहित अन्य संस्थाओं को विधायक नीलिमा कटियार द्वारा सम्मानित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित